महिला ने किया प्राइवेट पार्ट और गले पर ब्लेड से वार, जांच में जुटी पुलिस

0
40

जयपुर। राजधानी जयपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने परिचित युवक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके प्राइवेट पार्ट और गले पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक का इलाज एसएमएस अस्पताल में चल रहा है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार शनिवार शाम 33 वर्षीय महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर बताया कि एक युवक पानी पीने के बहाने उसके घर में घुस आया। महिला का आरोप है कि युवक ने उसे घर में अकेला पाकर जबरदस्ती की कोशिश की और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने आत्मरक्षा में ब्लेड से हमला कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां युवक महिला के घर में लहूलुहान हालत में मिला। उसके प्राइवेट पार्ट और गले पर ब्लेड से वार किए गए थे। पुलिस ने तत्काल उसे एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला और युवक वर्ष 2017 से एक-दूसरे के परिचित हैं। घटना के समय युवक महिला से मिलने उसके घर आया था। महिला का कहना है कि उसने खुद को बचाने के लिए यह कदम उठाया।

दूसरी ओर, अस्पताल में भर्ती युवक ने महिला पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवक की करीब एक माह पहले ही शादी हुई थी।

पुलिस ने महिला की शिकायत पर दुष्कर्म के प्रयास तथा युवक की शिकायत पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here