मुहाना मंडी में फूड सेफ्टी टीम ने जांच कर फल विक्रेताओं को किया जागरूक

0
34

जयपुर। आम एवं अन्य फलों को गैर-वैज्ञानिक तरीकों से पकाए जाने की शिकायतों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने शनिवार सुबह मुहाना मंडी में निरीक्षण किया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने मंडी पहुंचकर राज्य के बाहर से आने वाले आम के ट्रकों की जांच की।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि टीम ने विभिन्न ट्रकों में रखी आम की पेटियों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई पेटियां खोलकर देखी गईं, जिनमें किसी प्रकार की रासायनिक पुड़िया नहीं मिली। वहीं कुछ ट्रकों में निरीक्षण के दौरान एक पेटी में इथाइलीन राइपनर का पाउच पाया गया। पाउच पर एफएसएसएआई की स्वीकृति एवं लाइसेंस नंबर अंकित था।

मौके पर मौजूद फल मंडी अध्यक्ष कैलाश फाटक ने बताया कि आम की कुछ किस्में, विशेष रूप से हैदराबाद से आने वाला सफेदा आम, इथाइलीन पाउच के साथ भेजा जाता है। इसके लिए सप्लायर की ओर से स्वीकृत प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराया जाता है।
निरीक्षण के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फल विक्रेता संघ के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ बैठक की।

इस दौरान फलों को वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीकों से पकाने के संबंध में जानकारी दी गई तथा कृत्रिम एवं अस्वीकृत रसायनों के उपयोग से बचने के लिए जागरूक किया गया। फल विक्रेता संघ ने जनहित में विभाग को पूर्ण सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंडियों एवं बाजारों में नियमित निगरानी और जांच अभियान जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here