फूल बंगला झांकी में सजे ठाकुरजी: गोविंद धाम में उमड़े श्रद्धालु

0
29

जयपुर। अधिक मास पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर शनिवार को श्री गोविंद देवजी मंदिर स्थित श्री गोविंद धाम में भगवान श्री गोविंद देवजी महाराज की मनमोहक फूल बंगला झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर में प्रथम ज्येष्ठ शुक्ल (अधिक) शनिवार को आयोजित इस विशेष झांकी में ठाकुर श्रीजी एवं राधारानीजी को फूलों से निर्मित विशेष पोशाक धारण करवाई गई तथा पुष्पों से बने आभूषणों और अलंकारों से आकर्षक श्रृंगार किया गया।

मंदिर प्रशासन के अनुसार श्रीमनमाध्य गौड़ेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामीजी के सान्निध्य में ग्वाल झांकी के दौरान फूलों के डोल (फूल बंगला) की झांकी सजाई गई। इस अवसर पर श्रीजी के सिंहासन को भी पुष्प सज्जा से अलंकृत कर श्री गोविंद धाम का स्वरूप प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि जयपुर के आराध्य देव श्री गोविंद देवजी महाराज का सूर्यमहल मंदिर वर्तमान में श्री गोविंद धाम के नाम से भी प्रसिद्ध है।

मंदिर प्रशासन ने बताया कि जलयात्रा उत्सव श्रृंखला के अंतर्गत आगामी विशेष दर्शन रविवार को श्री सत्य पूर्णिमा के अवसर पर होंगे। इस दिन दर्शन प्रातः 11:15 बजे से 11:45 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here