हार्डकोर अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर चलेगा बुलडोजर

0
61

जयपुर। राजधानी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जयपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए हार्डकोर अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत अब अपराध के जरिए अर्जित की गई अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उन पर बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।

जयपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमें शहर के आदतन अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की सूची तैयार कर रही हैं। इस सूची में उन अपराधियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिन्होंने आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से अवैध संपत्तियां खड़ी की हैं। पुलिस इन संपत्तियों का रिकॉर्ड जुटाकर नगर निगम और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि अपराधियों के आर्थिक तंत्र को कमजोर किए बिना अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है। इसी रणनीति के तहत उनकी अवैध कमाई और संपत्तियों पर कार्रवाई कर अपराध की जड़ों पर प्रहार किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और उनके हौसलों को पस्त करना है।

पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस मुहिम की शुरुआत हाल ही में मुहाना थाना क्षेत्र में देखने को मिली, जहां कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शंकर द्वारा पिछले 12-13 वर्षों से सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कब्जा मुक्त कराया तथा वहां बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here