राम मंदिर से सिंधु सागर भवन तक धूमधाम से निकली भव्य कलश यात्रा

0
38

जयपुर। पूज्य सिन्धी सेन्ट्रल पंचायत एवं प्रताप नगर की विभिन्न सिन्धी पंचायतों के संयुक्त तत्वावधान में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर रविवार को एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। साध्वी तरूणा दीदी के पावन सान्निध्य में आज प्रातः 8 बजे राम मंदिर से विशाल कलश यात्रा शुरू हुई, जो सर्वेश्वर श्री झूलेलाल मंदिर ,सिन्धु सागर भवन पहुँचकर संपन्न हुई।

इस भव्य मंगल कलश यात्रा में 125 से अधिक सिन्धी समाज की महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर भजनों की धुन पर थिरकती हुई चल रही थीं। यात्रा की अगुवाई स्वयं साध्वी पूजनीय तरुणा दीदी श्रीमद्भागवत गीता की पवित्र पोथी को सिर पर धारण कर कर रही थीं। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया, जिससे पूरा क्षेत्र धर्ममय हो उठा।

1 से 7 जून तक बहेगी भागवत ज्ञान की गंगा

पूज्य सिन्धी सेन्ट्रल पंचायत के अध्यक्ष श्री गिरधारी लाल मनकानी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में कलश यात्रा में शामिल होने और श्रीमद्भागवत कथा श्रवण करने का शास्त्रों में विशेष पुण्य फल बताया गया है। उन्होंने घोषणा की कि आज 1 जून से 7 जून तक रोजाना प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक श्री सर्वेश्वर झूलेलाल मंदिर, सिंधु सागर भवन में साध्वी तरुणा दीदी द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। पंचायत के महासचिव धर्मदास मोटवानी ने बताया कि कलश यात्रा के समापन पर सिन्धु सागर भवन में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को प्रसादी के रूप में आम, पुलाव और ठंडे शरबत का वितरण किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here