एसआई भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामला: दस हजार का इनामी चयनित एसआई गिरफ्तार

0
44
Selected SI with ₹10,000 Bounty Arrested
Selected SI with ₹10,000 Bounty Arrested

जयपुर। उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक प्रकरण में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी और चयनित उपनिरीक्षक दिनेश कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसे 2 जून को जालौर पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया गया। न्यायालय ने आरोपी को 8 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दिनेश कुमार (31) निवासी हालीवाव, पोस्ट केरिया, थाना चितलवाना, जिला जालोर है। मामले में उसकी बहन निर्मा कुमारी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में एसओजी लगातार दबिश दे रही है।

जांच में सामने आया कि निर्मा कुमारी की पहचान पेपर लीक गिरोह के मुख्य सरगना जगदीश विश्नोई से थी। आरोप है कि दोनों भाई-बहन ने जगदीश विश्नोई से संपर्क कर परीक्षा से पहले हल किया हुआ प्रश्नपत्र हासिल किया और उसी के आधार पर 15 सितंबर 2021 को आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा दी।

एसओजी के अनुसार दिनेश कुमार ने लिखित परीक्षा में हिंदी विषय में 200 में से 141.55 तथा सामान्य ज्ञान में 167.89 अंक प्राप्त किए। वहीं निर्मा कुमारी को हिंदी में 180.94 और सामान्य ज्ञान में 156.90 अंक मिले। उच्च अंक मिलने के कारण दिनेश कुमार की मेरिट में 182 वीं रैंक आई और उसका चयन उपनिरीक्षक पद पर हो गया। हालांकि निर्मा कुमारी इंटरव्यू में पूछे गए प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे सकी और अंतिम चयन से बाहर हो गई।

जांच में यह भी सामने आया कि दिनेश कुमार वर्ष 2015 बैच में उदयपुर जिले में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था। एसआई पद पर चयन के बाद उसकी नियुक्ति चित्तौड़गढ़ में हुई और प्रारंभिक प्रशिक्षण के बाद वह रिजर्व पुलिस लाइन, चित्तौड़गढ़ में तैनात था।

एसओजी ने जब उसे जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा तो वह उपस्थित नहीं हुआ और सितंबर 2025 में रिजर्व पुलिस लाइन, चित्तौड़गढ़ से फरार हो गया। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

एसओजी की सतत निगरानी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। गौरतलब है कि एसआई भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक मामले में अब तक कुल 143 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और प्रकरण की जांच लगातार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here