फ्लैट के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला इनामी जालसाज गिरफ्तार

0
36
Fraudster with a bounty on his head arrested for swindling lakhs in the name of flats.
Fraudster with a bounty on his head arrested for swindling lakhs in the name of flats.

जयपुर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए फ्लैट बेचने के नाम पर करीब 17 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपित पिछले करीब 10 वर्षों से फरार चल रहा था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि वैशाली नगर थाना पुलिस ने फ्लैट बेचने के नाम पर करीब 17 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले इनामी आरोपित गोपाल यादव (47) निवासी हीरापुरा जयपुर को गिरफ्तार किया गया है।

वैशाली नगर थानाधिकारी आरती सिंह तंवर ने बताया कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गठित विशेष टीम ने आसूचना संकलन, तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद आरोपित गोपाल यादव को जयपुर ग्रामीण के कालाडेरा थाना क्षेत्र स्थित आल्डी कलां गांव से गिरफ्तार किया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपित गोपाल यादव 16 फरवरी 2016 से फरार घोषित था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।

लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने आरोपित के संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे कालाडेरा क्षेत्र से दस्तयाब किया गया। आरोपित से मामले में पूछताछ की जा रही है तथा अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

गौरतलब है कि आरोपित ने सुनियोजित तरीके से आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और फ्लैट बेचने का झांसा देकर परिवादी से करीब 17 लाख रुपए हड़प लिए। इस मामले में वैशाली नगर थाने में वर्ष 2016 में दर्ज किया गया था।

वहीं कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रतन लाल, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल विनोद कुमार, अशोक कुमार, देवी सिंह, मोहन तथा विजय कुमार शामिल रहे। साथ ही हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल देवी सिंह और कांस्टेबल मोहन की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here