जयपुर। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक ही प्लॉट के कई फर्जी पट्टे बनाकर बैंक और आमजन से धोखाधड़ी करने वाले 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ धोखाधड़ी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रदीप सिंह शेखावत (36) निवासी सुलताना जिला झुंझुनूं है। आरोपी और उसके साथियों द्वारा एक ही भूखंड के तीन-चार फर्जी पट्टे तैयार कर विभिन्न बैंकों से ऋण लिया जाता था। इसके बाद उन्हीं भूखंडों को अलग-अलग लोगों को बेचकर लाखों रुपए की ठगी की जाती थी।
मामलों के दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और धोखाधड़ी के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
विश्वकर्मा थानाधिकारी रविंद्र सिंह नरुका ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विश्वकर्मा थाने में वर्ष 2021 और 2022 के दौरान धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य गंभीर धाराओं में कुल पांच मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में एएसआई डालचंद, हेड कांस्टेबल करण सिंह, करतार सिंह तथा कांस्टेबल कमल सिंह और बाबूलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



















