जयपुर। नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जयपुर दक्षिण डीएसटी और शिवदासपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथकढ़ शराब की भट्टी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने ढूंढ नदी के बगरिया बहाव क्षेत्र के जंगल में दबिश देकर मौके पर करीब 8 हजार लीटर वॉश और शराब बनाने की भट्टियां नष्ट कर दीं। कार्रवाई के दौरान 102 लीटर अवैध हथकढ़ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि डीएसटी प्रभारी विशम्भर दयाल और शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। जहां टीम ने ढूंढ नदी के बगरिया बहाव क्षेत्र में जंगल में दबिश दी। यहां आरोपी विनोद कुमार मीणा (33) निवासी शिवदासपुरा को गिरफ्तार किया है। जो कथित रूप से हथकढ़ शराब तैयार कर रहा था।
पुलिस के अनुसार मौके से तीन जरीकेनों में भरी कुल 102 लीटर अवैध हथकढ़ शराब बरामद की गई। इसके अलावा खड्डों में दबाकर रखी गई करीब 8 हजार लीटर वॉश, शराब बनाने की भट्टियां और अन्य सामग्री मिली। वॉश और भट्टियों को पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।



















