जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने कृषि विभाग द्वारा सील किए गए एक गोदाम से सरकारी अभिरक्षा में रखी नकली खाद चोरी करने के प्रयास का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी कर ले जाई जा रही नकली खाद के 180 कट्टे, एक ट्रेलर और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद खाद की अनुमानित बाजार कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई जा रही है। मामले में गोदाम मालिक और दो मुनीम फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि दुर्गापुरा उद्यान कार्यालय के कृषि अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक सांवर मल यादव की ओर से हरमाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि कृषि विभाग की टीम ने 29 मई 2026 को सीकर रोड स्थित रामलियावाला में बिना नाम-पट्टिका के संचालित एक गोदाम पर छापा मारा था।
जांच के दौरान वहां नमक, रंग और अन्य कच्चे माल से नकली डीएपी (डीएपी) और एमओपी (एमओपी) खाद तैयार कर उसे नामी कंपनियों के ब्रांडेड कट्टों में पैक कर बाजार में सप्लाई करने का खुलासा हुआ था।
कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग ने मौके से नमूने लिए और गोदाम में रखे माल को सील एवं चपड़ी कर सुरक्षित अभिरक्षा के लिए मौके पर मौजूद मुनीम नरेंद्र मीणा को सुपुर्द कर दिया था।
पुलिस के अनुसार कृषि निरीक्षक सांवर मल यादव को सूचना मिली कि सील किए गए गोदाम का ताला तोड़कर भीतर से खाद निकाली जा रही है। मौके पर पहुंचने पर गोदाम की सील टूटी हुई और शटर खुला मिला। जांच में सामने आया कि गोदाम मालिक निखिल शर्मा, मुनीम कमलेश मीणा और राजेश गुर्जर ने कानूनी कार्रवाई से बचने तथा जब्त माल को बेचकर लाभ कमाने की नीयत से साजिश रची थी।
आरोपियों ने एक ट्रेलर किराए पर लेकर गोदाम के पीछे खड़ा किया और आरोपी सुनील भारद्वाज ने शटर का ताला तोड़ दिया। इसके बाद मजदूरों की मदद से जब्त नकली खाद को ट्रेलर में भरना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस और कृषि विभाग की भनक लगने पर आरोपी ट्रेलर और मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए हरमाड़ा थानाधिकारी उदय सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में सुनील भारद्वाज (34) निवासी खोरा श्यामदास दौलतपुरा जयपुर और गिरधारी शर्मा (48) निवासी श्रीमाधोपुर जिला सीकर गिरफ्तार किया। वहीं इस मामले में गोदाम मालिक निखिल शर्मा, मुनीम कमलेश मीणा तथा राजेश गुर्जर फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे इस तरह की अन्य अवैध गतिविधियों या चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।
बाइक चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
दौलतपुरा थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन (मोटरसाइकिल) चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि दौलतपुरा थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन (मोटरसाइकिल) चोरी करने वाले लोकेन्द्र सिंह (35)निवासी रयावली जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) और नवीन कुमार (32) निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई बाइक बरामद कर ली।
दोनों आरोपी वर्तमान में जयपुर के विश्वकर्मा थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर-17, बिहारी कॉलोनी में सलमान नामक व्यक्ति के मकान में किराए से रह रहे थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य वाहन चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं तथा उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।



















