जयपुर। दीपावली के महापर्व में अब कुछ ही दिन शेष हैं। छोटी काशी के नाम से विख्यात गुलाबी नगरी में दीपोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रविवार को शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र एमआई रोड और प्रसिद्ध पांच बत्ती चौराहे पर आकर्षक रोशनी की टेस्टिंग शुरू हुई। लाइटें जलते ही पूरा इलाका रंग-बिरंगी और दूधिया रोशनी से जगमगा उठा। रोशनी से सजे बाजारों का नजारा देखने के लिए राहगीर भी ठहर गए।

जयपुर व्यापार महासंघ के सुभाष गोयल ने बताया कि एमआई रोड और पांच बत्ती पर दीपावली की सजावट को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां स्वचालित एलईडी लाइटें, आधुनिक झालरें और आकर्षक प्रवेश द्वार लगाए गए हैं। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और कारीगरों की मौजूदगी में देर शाम लाइटों की टेस्टिंग की गई, ताकि दीपोत्सव के मुख्य दिनों में रोशनी और बिजली व्यवस्था में कोई परेशानी नहीं आए।

रोशनी देखने उमड़े लोग, पर्यटकों में भी उत्साह
टेस्टिंग के दौरान बाजारों में जगमगाहट देखकर खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों और जयपुर घूमने आए देशी-विदेशी पर्यटकों में खासा उत्साह नजर आया। पांच बत्ती और एमआई रोड से गुजरने वाले राहगीरों ने रोशनी के आकर्षक नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। बाजारों की सजावट ने दीपावली से पहले ही उत्सव का माहौल बना दिया है।
दीपावली पर जयपुर के बाजारों की रोशनी देश-दुनिया में आकर्षण का केंद्र रहती है। एमआई रोड और पांच बत्ती पर लाइटों की टेस्टिंग के साथ ही गुलाबी नगरी दीपोत्सव के स्वागत के लिए सजकर तैयार होने लगी है।

















