जयपुर। प्रेमपुरा स्थित राजकीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं समाजसेवी मोती सिंह नाथावत के सेवानिवृत्ति समारोह में हजारों ग्रामीणों ने पहुंचकर उनका सम्मान किया। उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने सांवली पहुंचकर उन्हें सफल सेवाकाल की बधाई दी और स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं। प्रेमपुरा, सांवली सहित आसपास के गांवों के लोगों के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उनके योगदान को सराहा।
नाथावत ने अपने सेवाकाल में विद्यालय के भवन एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ उसे प्राथमिक से माध्यमिक स्तर तक क्रमोन्नत करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे राजपूत सभा, शिक्षक संघ, रेडक्रॉस, रोटरी क्लब और लायंस क्लब के माध्यम से भी समाज सेवा से जुड़े रहे। पिछले दो वर्षों से अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा में राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हैं।

















