जयपुर पुलिस का नवाचार: सड़कों पर उतरे स्मार्ट ट्रैफिक बैरिकेड्स

0
43

जयपुर। राजधानी जयपुर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में यातायात पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। शहर के व्यस्त चौराहों एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अब पारंपरिक बैरिकेड्स के साथ आधुनिक डिजिटल एलईडी डिस्प्ले युक्त स्मार्ट ट्रैफिक बैरिकेड्स लगाए जा रहे हैं, जो वाहन चालकों को दूर से ही यातायात संबंधी संदेश देकर सतर्क कर रहे हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) कमलनयन मोयल ने बताया कि इन स्मार्ट बैरिकेड्स में रंग-बिरंगी और चमकदार एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन लगाई गई हैं, जिन पर हिंदी में “धीरे चलिये” तथा अंग्रेजी में “जयपुर पुलिस” जैसे संदेश प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इन संदेशों का उद्देश्य वाहन चालकों को सुरक्षित गति बनाए रखने और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने बताया कि यह उपकरण विशेष रूप से शाम और रात्रि के समय अधिक उपयोगी साबित हो रहा है। एलईडी डिस्प्ले की चमक के कारण चालक दूर से ही बैरिकेड को देख सकते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है और यातायात संचालन भी सुगम बनता है।

मोयल ने कहा कि बैरिकेड्स में पहिए लगाए गए हैं, जिससे इन्हें आवश्यकता के अनुसार आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकता है। यह सुविधा पुलिस को विभिन्न आयोजनों, वीआईपी मूवमेंट, यातायात डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण के दौरान त्वरित व्यवस्था बनाने में मदद करेगी।

यातायात पुलिस का मानना है कि यह स्मार्ट पहल केवल सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जयपुर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक-सक्षम स्वरूप देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार भविष्य में ऐसे और उपकरणों का उपयोग बढ़ाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here