जयपुर। देश के अग्रणी एफएमसीजी समूहों में शामिल आरएसपीएल ग्रुप ने अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया। इस अवसर पर समूह ने अपनी पांच दशक लंबी विकास यात्रा को भारत की प्रगति, आत्मनिर्भरता और नवाचार की कहानी से जोड़ते हुए भविष्य की विकास योजनाओं को साझा किया।
आरएसपीएल ग्रुप के डायरेक्टर मनोज ज्ञानचंदानी ने कहा कि एक उत्पाद से शुरू हुई कंपनी आज बहुआयामी उपभोक्ता समूह के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि लाइफस्टाइल और फूड श्रेणियों में विस्तार के साथ समूह का लक्ष्य उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता, नवीनता और उनकी बदलती जरूरतों के अनुरूप उत्पाद उपलब्ध कराना है।
संयुक्त प्रबंध निदेशक राहुल ज्ञानचंदानी ने कहा कि घड़ी डिटर्जेंट से शुरू होकर घरेलू और औद्योगिक क्षेत्रों में भरोसेमंद पहचान बनाने तक की यात्रा ‘भारत में बना, भारतीयों के लिए बना’ की अवधारणा की सफलता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि करोड़ों उपभोक्ताओं का विश्वास ही कंपनी की सबसे बड़ी पूंजी है।
वहीं, डायरेक्टर रोहित ज्ञानचंदानी ने बताया कि कंपनी की सफलता मजबूत अनुसंधान, नवाचार और उपभोक्ता-केंद्रित सोच पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य की रणनीति में समावेशी विकास, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और सभी समुदायों को अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
समूह ने बताया कि देशभर में स्थापित 24 से अधिक विनिर्माण इकाइयों के माध्यम से आरएसपीएल ने घरेलू उत्पादन को मजबूती प्रदान की है। उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में संचालित इकाइयों ने औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति दी है।
स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर आरएसपीएल ने अपनी प्रेरणादायक यात्रा पर आधारित एक विशेष शॉर्ट फिल्म भी जारी की। प्रसिद्ध अभिनेता एवं फिल्म निर्माता रजत कपूर की आवाज में प्रस्तुत इस फिल्म में कंपनी के संघर्ष, मूल्यों और विकास की कहानी को दर्शाया गया है।
यह अवसर इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि समूह के प्रमुख ब्रांड घड़ी डिटर्जेंट ने भी अपने 50 वर्ष पूरे किए हैं। इसकी शुरुआत कानपुर में स्वर्गीय मुरलीधर ज्ञानचंदानी और बिमल कुमार ज्ञानचंदानी ने की थी। आज घड़ी डिटर्जेंट देश के करोड़ों परिवारों का भरोसेमंद ब्रांड बन चुका है और लगभग 32 प्रतिशत भारतीय घरों तक इसकी पहुंच है।
कंपनी ने बताया कि व्यवसायिक विस्तार के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, पशु कल्याण, खेल प्रोत्साहन, आपदा राहत और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में भी लगातार कार्य किया जा रहा है। महिलाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने और कार्यस्थलों पर समान भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी समूह विभिन्न पहल कर रहा है।
साबुन और डिटर्जेंट से शुरू हुई आरएसपीएल की यात्रा आज हाइजीन केयर, पर्सनल केयर, डेयरी एवं आइसक्रीम, केमिकल निर्माण, फैशन एवं लाइफस्टाइल तथा खाद्य एवं पेय पदार्थों तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा समूह रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में भी अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहा है।



















