जयपुर। आराध्य देव प्रभु श्री गोविंद देवजी मंदिर में अधिकमास के पवित्र अवसर पर एक अनूठा और भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के पावन सान्निध्य में ‘श्री विष्णु गायत्री महायज्ञ’ का आयोजन किया गया। इस महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर विश्व कल्याण और शांति की कामना की। यज्ञ का पूरा संचालन गायत्री शक्तिपीठ, ब्रह्मपुरी की विद्वान टोली द्वारा पूर्ण विधि-विधान और वैदिक रीति से कराया गया।
इस धार्मिक उत्सव की खास बात यह रही कि कई श्रद्धालुओं ने पाश्चात्य संस्कृति को छोड़, भारतीय संस्कृति के अनुसार अपना ‘जन्मदिन संस्कार’ मनाया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंच तत्वों (पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश) का विधिपूर्वक पूजन किया गया। इसके साथ ही, जन्मदिन मनाने वाले सभी श्रद्धालुओं ने वर्तमान समय की आवश्यकता को समझते हुए जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए सप्ताह में एक दिन मोबाइल से दूर रहने (डिजिटल डिटॉक्स) का अनूठा संकल्प लिया।



















