इंटरनेट बंदी से व्यापारी-छात्र और आमजन हुए परेशान : खाचरियावास

0
49

जयपुर। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने के फैसले पर भाजपा सरकार को घेरते हुए इसे आमजन को परेशान करने वाला और गैरकानूनी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस कारण के इंटरनेट सेवाएं बंद करने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार को लेनी चाहिए।

खाचरियावास ने जारी बयान में कहा कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान चार मंदिर, एक मस्जिद तथा अन्य निर्माणों को हटाया गया। इस कार्रवाई से पहले न तो जनता की ओर से और न ही किसी राजनीतिक दल की ओर से किसी प्रकार का विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा था। इसके बावजूद पुलिस का फ्लैग मार्च निकाला गया और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कदम से शहर में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हुआ तथा लोगों में डर बैठाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य जनता को राहत देना नहीं, बल्कि उन्हें परेशान करना है। भाजपा सरकार गरीबों और आम लोगों को धर्म के नाम पर बांटने तथा उन्हें उजाड़ने वाली विचारधारा पर काम कर रही है।

खाचरियावास ने कहा कि इंटरनेट सेवाएं बंद होने के कारण लोगों को ट्रेन, बस और हवाई यात्रा के टिकट बुक कराने में परेशानी हुई। इसके अलावा ओला और उबर जैसी कैब सेवाओं का उपयोग करने, ऑनलाइन भुगतान करने और अन्य डिजिटल सुविधाओं का लाभ लेने में भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और आम नागरिकों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार डर और भय का माहौल बनाकर शासन चलाना चाहती है, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस प्रकार की राजनीति लंबे समय तक नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।

खाचरियावास ने कहा कि इंटरनेट बंद होने से आमजन को जो असुविधाएं और परेशानियां झेलनी पड़ीं, उसके लिए भाजपा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here