ई-चालान नहीं भरने वाले 51 आदतन नियम उल्लंघनकर्ताओं के वाहन जब्त

0
59
Vehicles of 51 habitual traffic violators who failed to pay e-challans impounded.
Vehicles of 51 habitual traffic violators who failed to pay e-challans impounded.

जयपुर। यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन कर ई-चालान की राशि जमा नहीं कराने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जयपुर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर 1 जून से 9 जून 2026 तक चलाए गए अभियान में 51 आदतन नियम उल्लंघनकर्ताओं (हैबिचुअल ऑफेंडर्स) के वाहनों को जब्त किया गया। साथ ही 180 लंबित चालानों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम 1988 (संशोधित 2019) के प्रावधानों के तहत ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित किया जा रहा है, जो लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं और चालान की राशि जमा नहीं करा रहे हैं। इसके लिए ई-चालान पोर्टल से प्रतिदिन ऐसे वाहन स्वामियों की सूची तैयार की जा रही है।

अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर विशेष नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान कई ऐसे वाहन पकड़े गए, जिन पर बड़ी संख्या में लंबित चालान दर्ज थे। इनमें एक कैश वैन (आरजे14 जीके 4690) पर 26 बार, एक ट्रक (एचआर55 एके 5971) पर 23 बार तथा एक कार (आरजे14 सीपी 4843) पर 31 बार यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले दर्ज पाए गए। इन वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

डीसीपी यातायात ने बताया कि अभियान के दौरान वाहन स्वामियों में जागरूकता भी बढ़ी है और कई लोगों ने मौके पर ही अपने लंबित चालानों का भुगतान किया। अब तक कुल 180 पेंडिंग चालानों का निस्तारण कराया जा चुका है।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों पर लंबित चालानों की जानकारी समय-समय पर जांचते रहें और समय पर उनका भुगतान करें। यदि कोई चालान वर्चुअल कोर्ट में भेजा जा चुका है तो उसका निस्तारण न्यायालय के माध्यम से ही संभव होगा।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here