जयपुर। प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बीकानेर, श्रीगंगानगर और जयपुर में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 19.5 किलोग्राम डोडा-चूरा, 60 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 125 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने दो वाहन भी जब्त किए हैं तथा नशे के कारोबार से अर्जित 17,800 रुपए नकद बरामद किए हैं।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई इन कार्रवाइयों की जानकारी देते हुए एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है और आने वाले दिनों में भी अभियान और तेज किया जाएगा।
खेतों तक पीछा कर दबोचे तस्कर
बीकानेर जिले के गजनेर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि दो युवक काले रंग की मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एएनटीएफ एवं स्थानीय पुलिस ने एनएच-11 से राजासर गांव जाने वाले मार्ग पर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस को देखकर दोनों युवक बाइक तेज गति से भगाते हुए खेतों की ओर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे प्लास्टिक के कट्टे से 19.500 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विक्की पुत्र लालचंद सिंधी (34) एवं देवीलाल पुत्र ममूलाल नायक (18) शामिल हैं।
पंजाब से लाई जा रही थी हेरोइन की खेप
श्रीगंगानगर जिले के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ को सूचना मिली कि पंजाब की ओर से एक कार में मादक पदार्थ की खेप लाई जा रही है। सूचना पर टीम सादे कपड़ों में साधुवाली चेक पोस्ट पहुंची और नाकाबंदी शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रुकवाकर जांच की गई।
कार में सवार दोनों व्यक्ति घबराए हुए नजर आए। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में तलाशी लेने पर कार से 60 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र सतपाल सिंह (33) तथा सुखदीप सिंह पुत्र प्रीतम सिंह (35) के रूप में हुई है।
महिला तस्कर के कब्जे से गांजा और नकदी बरामद
जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि शिव नगर हाईटेंशन लाइन क्षेत्र में एक महिला अपने घर के बाहर मादक पदार्थ की पुड़ियां बेच रही है। सूचना के सत्यापन के लिए पहुंची टीम ने स्थानीय पुलिस की सहायता से महिला की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 125 ग्राम गांजा तथा नशे के कारोबार से अर्जित 17,800 रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने महिला आरोपी सुनीता सांसी पत्नी रोशन कुमार (39) को गिरफ्तार कर लिया।
स्थानीय पुलिस का रहा अहम सहयोग
एएनटीएफ ने बताया कि तीनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। बीकानेर के गजनेर थाना, श्रीगंगानगर के जवाहर नगर थाना तथा जयपुर के करणी विहार थाना पुलिस ने कार्रवाई में सक्रिय भूमिका निभाई। एएनटीएफ मुख्यालय ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को सम्मानित करने की घोषणा भी की है।



















