जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जयपुर नगर तृतीय इकाई ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा तहसील क्षेत्र में कार्यरत एक पटवारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपित पटवारी ने जमीन के सीमांकन और पूर्व में किए गए नामांतरण कार्य के बदले परिवादी से रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार आरोपी धर्म सिंह, हाल पटवारी, पटवार हल्का दौसौद, तहसील नीमराणा तथा अतिरिक्त प्रभार पटवार हल्का रैवाना, तहसील नीमराणा, जिला कोटपूतली-बहरोड़, को 4 हजार 500 रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए ट्रैप किया गया।
एसीबी को मिली शिकायत में परिवादी ने बताया कि ग्राम तलवाना, पटवार हल्का रैवाना, तहसील नीमराणा में उसकी खाता संख्या 287, खसरा संख्या 328 में 0.8200 हेक्टेयर शामलाती भूमि है। परिवादी ने अक्टूबर 2025 में अपनी बहनों का हक त्याग कराकर नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करवाई थी। आरोप है कि उस समय भी पटवारी धर्म सिंह ने 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी, लेकिन राशि की व्यवस्था नहीं होने के कारण वह भुगतान नहीं कर सका।
परिवादी ने 22 मई 2026 को उक्त भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि पटवारी ने सीमांकन कार्य करने के एवज में 10 हजार रुपए तथा पूर्व में किए गए नामांतरण कार्य के बदले 5 हजार रुपए की अतिरिक्त मांग की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी द्वारा सीमांकन कार्य के लिए 5 हजार रुपए रिश्वत मांगने तथा बाद में 500 रुपए कम कर 4 हजार 500 रुपए लेने पर सहमति जताने के तथ्य सामने आए।
इसके बाद एसीबी उप महानिरीक्षक-द्वितीय ओम प्रकाश मीणा के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। एसीबी टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी धर्म सिंह को परिवादी से 4 हजार 500 रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप के दौरान रिश्वत भी बरामद कर ली गई।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच में रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



















