राजस्थान के हालात बदहाल, नौकरशाही के इशारों पर चल रहा शासन : हनुमान बेनीवाल

0
64

जयपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नागौर सांसद Hanuman Beniwal ने बुधवार को जयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में शासन पूरी तरह नौकरशाही के इशारों पर चल रहा है और सरकार विभिन्न मोर्चों पर विफल साबित हो रही है।

बेनीवाल ने स्वास्थ्य मंत्री Gajendra Singh Khimsar पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने कोटा और बीकानेर में प्रसूताओं की किडनी फेल होने के मामलों का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य विभाग में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विभागीय मंत्री को अपने विभाग की पर्याप्त जानकारी तक नहीं है।

आरएलपी प्रमुख ने दावा किया कि राज्य सरकार के आधा दर्जन मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में विशेष अभियान समूह (एसओजी) की पूछताछ के दौरान मंत्री K.K. Bishnoi का नाम सामने आया। वहीं जलदाय मंत्री Kanhaiya Lal Chaudhary पर भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण देने तथा रिश्तेदारों के नाम पर करोड़ों रुपए के ठेके लेने के आरोप लगाए।

उन्होंने कानून मंत्री Jogaram Patel पर अपने पुत्र को महाधिवक्ता नियुक्त कराने का आरोप लगाया। साथ ही गृह राज्य मंत्री Jawahar Singh Bedham के दामाद के केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से बचने के लिए फरार रहने का दावा किया।

बेनीवाल ने कहा कि स्वयं को मुख्यमंत्री का साला बताने वाले प्रमोद शर्मा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है तथा उच्च न्यायालय से राहत नहीं मिलने के बावजूद वह पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। आगामी दिनों में भरतपुर, धौलपुर और डीग जिले के जाट समाज को केंद्र की अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सूची में आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर बड़ी रैली आयोजित की जाएगी।

गहलोत-पायलट विवाद पर भी बोले

पूर्व मुख्यमंत्री Ashok Gehlot और कांग्रेस नेता Sachin Pilot के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए बेनीवाल ने कहा कि मानेसर प्रकरण के दौरान भारी भ्रष्टाचार हुआ था और उस समय आरएलपी के तीनों विधायक भाजपा के साथ थे। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट आंदोलन करने के बजाय बिना संघर्ष के सत्ता के शिखर तक पहुंचना चाहते हैं।

जनता के मुद्दों के लिए लड़ाई लड़े बिना किसी भी नेता को व्यापक जनसमर्थन नहीं मिल सकता। बेनीवाल ने कहा कि जनता के बीच जाकर संघर्ष करना ही किसी नेता की वास्तविक पहचान बनाता है।

प्रेस वार्ता के दौरान बेनीवाल ने राज्य सरकार की कार्यशैली, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, कथित भ्रष्टाचार और सामाजिक मुद्दों को लेकर कई सवाल उठाए तथा सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here