जयपुर। जयपुर जिले में आगामी 16 जून से “स्टॉप डायरिया कैम्पेन” का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान आगामी 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत दस्त रोग से रोकथाम के लिए सुरक्षा, बचाव और उपचार की जागरूकता परक गतिविधियों का आयोजन होगा। इस वर्ष कैम्पेन “डायरिया की रोकथाम, सफाई और ओआरएस से रखें अपना ध्यान”थीम पर आयोजित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि मानसून के मौसम में दस्त रोग की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। बाल मृत्यु के कारणों में दस्त मुख्य कारक है। दस्त रोग नियंत्रण के लिए 16 जून से “स्टॉप डायरिया कैम्पेन” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आमजन को दस्त रोग से बचाव और उपचार की गतिविधियों से अवगत कराया जाएगा। इस वर्ष जिले में “डायरिया की रोकथाम, सफाई और ओआरएस से रखें अपना ध्यान”थीम आधारित विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) प्रथम डॉ. धर्मेंद्र कराड़िया और उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) द्वितीय डॉ. सौरभ आर्य ने बताया कि आगामी 16 जून से 31 जुलाई तक “स्टॉप डायरिया कैम्पेन” आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत आशाएं 5 वर्ष के बच्चों में दस्त नियंत्रण के लिए घर-घर जाकर जिंक की गोलियां और ओआरएस घोल के पैकेट वितरण के साथ आमजन को जागरुक करेंगी। इसके अंतर्गत चिकित्सा संस्थाओं पर ओआरएस कॉर्नर स्थापित किए जाएंगे।


















