1 लाख के इनामी तस्कर के नेटवर्क से जुड़े सहयोगी गिरफ्तार

0
57
Accomplices linked to the network of a smuggler carrying a reward of ₹1 lakh arrested.
Accomplices linked to the network of a smuggler carrying a reward of ₹1 lakh arrested.

जयपुर। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) जयपुर और बाड़मेर जिले की सेडवा थाना पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 91.240 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। इस दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े जयकिशन विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ के तार राज्य स्तर के एक लाख रुपए के इनामी और वांछित तस्कर सांवरा उर्फ श्यामसुन्दर के सिंडिकेट से जुड़े हैं।

यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एजीटीएफ) दिनेश एमएन के निर्देशन में की गई। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरोत्तम लाल वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक फूलचंद टेलर के सुपरविजन में संयुक्त टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एजीटीएफ) दिनेश एमएन के अनुसार गुरुवार रात सेडवा थानाधिकारी प्रभुराम गश्त पर थे। इसी दौरान एजीटीएफ के कांस्टेबल सुमेर सिंह से सूचना मिली कि राज्य स्तरीय इनामी आरोपी सांवरा की तलाश में आई टीम को जानकारी मिली है कि उसके पड़ोसी जयकिशन के घर भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर रखा गया है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमारडी गांव स्थित जयकिशन के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान स्टोर रूम में इसबगोल और जीरे के कट्टों के बीच छिपाकर रखे गए काले रंग के तीन प्लास्टिक कट्टों से 91.240 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जयकिशन (45) को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में जयकिशन ने बताया कि यह खेप उसके पड़ोसी तेजाराम पुत्र भागीरथराम विश्नोई ने 10 जून की रात उसके घर रखवाई थी। पुलिस के अनुसार तेजाराम और मुख्य आरोपी सांवरा उर्फ श्यामसुन्दर के बीच सीधे संबंध हैं तथा पूरा मामला एक संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।

इस मामले की गंभीरता और हाई-प्रोफाइल कनेक्शन को देखते हुए आगे की जांच धनाऊ थानाधिकारी दीपसिंह को सौंपी गई है। पुलिस टीमें मुख्य आरोपी सांवरा और उसके सहयोगी तेजाराम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
इस कार्रवाई में एजीटीएफ की ओर से एएसआई राकेश कुमार जाखड़ के नेतृत्व में टीम ने भूमिका निभाई, जबकि जिला स्पेशल टीम बाड़मेर के उप निरीक्षक आदेश कुमार भी टीम के साथ शामिल रहे। संयुक्त अभियान में सेडवा थानाधिकारी प्रभुराम, हेड कांस्टेबल रामकिशन, कांस्टेबल दिनेश कुमार, गंगाराम, मोहनलाल, भोजाराम और चालक कांस्टेबल चैनराम ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here