नगरपालिका आम चुनाव:वार्ड 62 की भाग संख्या 23 में पुनर्मतदान आज

0
40
upcoming assembly elections
upcoming assembly elections

जयपुर। नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 62 के भाग संख्या 23 के मतदान केंद्र राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कमरा नंबर 4, टीला वाला, सांगानेर पर रविवार, 13 सितंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक पुनर्मतदान कराया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (निकाय) एवं जिला कलक्टर सन्देश नायक ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ग्यारह सितंबर को उक्त मतदान केंद्र पर घटित घटना के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित होने तथा चुनाव की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता पर प्रभाव पड़ने के मद्देनजर पूर्व में हुए मतदान को शून्य घोषित कर पुनर्मतदान के निर्देश पर यह पुनर्मतदान करवाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में 11 सितंबर को हुए मतदान के दौरान मतदाता सूची की विलोपन सूची में अंकित 110 मतदाताओं द्वारा मतदान कर दिए जाने के कारण उक्त बूथ पर मतदान इस सीमा तक संदूषित हुआ है कि चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष नहीं माना जा सकता। इसलिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 55 में प्रदत्त शक्तियों के तहत मतदान को शून्य घोषित किया गया।

पुनर्मतदान में केवल उक्त मतदान केंद्र के लिए अधिकृत मतदाता ही मतदान कर सकेंगे। पूर्व मतदान में लगाई गई अमिट स्याही के निशान की उपेक्षा की जाएगी तथा पुनर्मतदान के दौरान मतदाता के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। मतदान में पूर्व में प्रयुक्त मतपत्र/निविदत्त मतपत्र के स्थान पर नए मतपत्रों का उपयोग किया जाएगा।

पुनर्मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल), जयपुर ने संबंधित अधिकारियों को पुनर्मतदान की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मतदाताओं को इसकी सूचना व्यापक रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here