खेल सामग्री पाकर खिले बच्चों के चेहरे: ‘100 मेडल्स टार्गेटेड फाउंडेशन’ की अनूठी पहल

0
65

चित्रकूट। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और जरूरतमंद बच्चों को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से 100 मेडल्स टार्गेटेड फाउंडेशन की ओर से चित्रकूट क्षेत्र में स्पोर्ट्स इक्विपमेंट डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। इस दौरान स्लम क्षेत्र के बच्चों को स्पोर्ट्स शूज, फुटबॉल सहित विभिन्न खेल सामग्री वितरित की गई। वहीं करीब 50 बच्चों को शिक्षा के लिए किताबें और स्टेशनरी भी प्रदान की गई।

फाउंडेशन का मानना है कि संसाधनों की कमी किसी भी बच्चे की खेल प्रतिभा के विकास में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी सोच के साथ आयोजित इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर फाउंडेशन के डायरेक्टर कर्नल हिम्मत वर्मा (सेवानिवृत्त) ने कहा कि देश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि यदि देश में खेलों से जुड़ने वाले बच्चों की संख्या बढ़ेगी तो भविष्य में भारत को अधिक खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के चैंपियन मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी सशक्त साधन हैं। ऐसे प्रयास बच्चों को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रांजना फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा। संस्था की मदद से खेल सामग्री और शैक्षणिक संसाधन जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाए गए।

फाउंडेशन ने भविष्य में भी जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को खेल और शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करते रहने की प्रतिबद्धता जताई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here