पेरिस में गूंजेगी राजस्थानी लोक धुन: प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में प्रस्तुति देंगे रहीस भारती और धोद बैंड

0
60
Rajasthani folk melodies to resonate in Paris
Rajasthani folk melodies to resonate in Paris

जयपुर। राजस्थान की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने वाले सुप्रसिद्ध लोक कलाकार रहीस भारती और उनका धोद बैंड 18 जून 2026 को फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित प्रतिष्ठित ‘बोंजूर मोदी’ कार्यक्रम में विशेष प्रस्तुति देंगे। यह आयोजन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में किया जा रहा है, जिसमें भारतीय संस्कृति, प्रवासी भारतीय समुदाय और भारत-फ्रांस मैत्री की झलक देखने को मिलेगी।

यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम पेरिस के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध कॉन्सर्ट हॉल साले प्लेयल में आयोजित होगा। रहीस भारती और धोद बैंड का चयन भारतीय दूतावास, पेरिस द्वारा किया गया है, जिसे राजस्थान और भारतीय लोक संस्कृति के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

वर्तमान में रहीस भारती एवं धोद बैंड अपने यूरोप टूर-2026 पर हैं। इस दल में राजस्थान के दूरस्थ गांवों से जुड़े करीब 20 लोक कलाकार शामिल हैं, जो इन दिनों फ्रांस सहित यूरोप के विभिन्न देशों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारतीय लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां दे रहे हैं।

पिछले 26 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय रहीस भारती एवं धोद बैंड विश्व के 119 से अधिक देशों में अपनी प्रस्तुतियां देकर भारतीय लोक संस्कृति का परचम लहरा चुके हैं। राजस्थान की धरती से निकला यह समूह आज भारत की सांस्कृतिक पहचान का सशक्त वैश्विक प्रतिनिधि बन चुका है।

धोद बैंड प्रतिवर्ष लगभग छह से सात माह विदेशों में रहकर राजस्थान और भारत की लोक कला, संगीत एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रचार-प्रसार करता है। रहीस भारती के प्रयासों से अब तक 700 से अधिक लोक कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल चुका है।

धोद बैंड के माध्यम से राजस्थान के लंगा, मांगणियार, कालबेलिया, ढाढ़ी, दमामी और राणा समुदायों सहित पारंपरिक ब्रास बैंड कलाकारों को भी वैश्विक पहचान मिली है। रहीस भारती के प्रयासों ने राज्य की लोक कलाओं को विश्व के प्रतिष्ठित मंचों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

18 जून को आयोजित ‘बोंजूर मोदी’ कार्यक्रम के बाद रहीस भारती एवं धोद बैंड को पुर्तगाल के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संगीत महोत्सवों के अलावा फ्रांस, जर्मनी, स्विट्ज़रलैंड, इटली और स्पेन में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक समारोहों और कॉन्सर्ट में भी प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया है।

रहीस भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रस्तुति देना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल धोद बैंड का नहीं, बल्कि राजस्थान की लोक संस्कृति, लोक कलाकारों और भारत की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here