क्वीन्स हब क्लब में चल रहा था अवैध हुक्का बार, पुलिस ने छापेमारी कर किया मैनेजर को गिरफ्तार

0
30

जयपुर। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने मालवीय नगर स्थित क्वीन्स हब क्लब में संचालित अवैध हुक्का बार पर कार्रवाई करते हुए क्लब के मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन हुक्के, पांच चिलम, 17 पाइप, जलते हुए कोयले तथा विभिन्न प्रकार के तंबाकू युक्त फ्लेवर बरामद किए हैं। वहीं हुक्का पीते मिले दो युवकों के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजिता शर्मा ने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरधर मार्ग, मालवीय नगर स्थित क्वीन्स हब क्लब में ग्राहकों को खान-पान की सामग्री के साथ हुक्का उपलब्ध कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक श्याम प्रकाश पुलिस जाप्ते के साथ क्लब पहुंचे और दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान क्लब के अंदर कई टेबलों पर हुक्के संचालित होते पाए गए। पुलिस ने मौके से तीन हुक्के, 17 पाइप, पांच चिलम, जलते हुए कोयले तथा तंबाकूयुक्त फ्लेवर के पैकेट जब्त किए। पूछताछ के दौरान क्लब मैनेजर इरशाद (31) हुक्का संचालन के लिए कोई वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।

इस पर पुलिस ने आरोपी इरशाद को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज किया। वहीं क्लब में हुक्का पीते मिले दो युवकों के विरुद्ध कोटपा अधिनियम-2003 की धारा 4/6 के तहत कार्रवाई करते हुए 200-200 रुपये का चालान किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here