गायत्री महायज्ञ और युवा चेतना शिविर की तैयारियां तेज

0
22
Preparations for the Gayatri Mahayajna and Youth Consciousness Camp intensify
Preparations for the Gayatri Mahayajna and Youth Consciousness Camp intensify

जयपुर। मुरलीपुरा स्थित तोंदवाल चैतन्य तीर्थ में आगामी 25 से 27 दिसंबर तक भव्य 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं युवा चेतना शिविर आयोजित किया जाएगा। वंदनीय माताजी भगवती देवी शर्मा जन्म शताब्दी और दिव्य अखंड दीप शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए रविवार को दादी का फाटक स्थित श्री राधा कृष्ण शिव मंदिर में कार्यकर्ता गोष्ठी हुई।

गायत्री मंत्रोच्चार और दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुई इस बैठक में जयपुर जोन के समन्वयक सुशील शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य गुरुसत्ता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और युवाओं में सेवा, साधना व राष्ट्र निर्माण के संस्कार जागृत करना है। इसके लिए उन्होंने सभी परिजनों से अभी से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए प्रहलाद शर्मा ने कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टोलियां बनाने का सुझाव दिया। वहीं, महेंद्र कुमार ने बताया कि मुख्य समारोह से पूर्व 1 से 24 दिसंबर तक शहर में निरंतर विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गोष्ठी में हेमंत चतुर्वेदी ने साधना से शक्ति अर्जन करने पर जोर दिया, जबकि हेमंत मिश्रा ने युवा चेतना शिविर की विस्तृत कार्ययोजना साझा की।

आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए बैठक में करीब एक दर्जन व्यवस्था समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही, कार्यक्रम में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सघन जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर गायत्री चेतना केंद्र मुरलीपुरा सहित झोटवाड़ा, हरमाड़ा और मानसरोवर से आए बड़ी संख्या में गायत्री परिजनों ने आयोजन को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here