श्री निमड़ी वाले बालाजी मंदिर में भव्य अन्नकूट प्रसादी

0
15

जयपुर। पत्रकार कॉलोनी रोड स्थित गोल्यावास के श्री निमड़ी वाले बालाजी महाराज मंदिर में भव्य अन्नकूट प्रसादी और भंडारे का आयोजन किया गया। पार्षद मुकेश शर्मा (काका) के संयोजन में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।

प्रसादी वितरण से पूर्व बालाजी महाराज की प्रतिमा का अलौकिक और मनमोहक श्रृंगार किया गया। इस विशेष अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक रोशनी से भव्य रूप में सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महाआरती और भोग लगाने के बाद प्रसादी वितरण शुरू हुआ, जो देर शाम तक निरंतर चलता रहा।

आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय निवासियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सेवा भाव दिखाया। पत्तल प्रसादी की परोसगारी की कमान स्थानीय युवाओं और निवासियों ने संभाली, वहीं ग्रामीणों ने अपने निजी पानी के टैंकरों की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल का प्रबंध किया। इसके साथ ही, व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से अन्नकूट प्रसादी का वितरण किया गया।

मंदिर के महंत बाबूलाल शर्मा ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव के साथ-साथ मंदिर परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें भजन मंडलियों ने मधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर भक्तों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बालाजी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here