17 से 28 जून तक भक्ति के रंग में रंगेगा श्री खोले का हनुमानजी मंदिर

0
65
Shri Khole's Hanumanji Temple to be immersed in the spirit of devotion from June 17 to 28.
Shri Khole's Hanumanji Temple to be immersed in the spirit of devotion from June 17 to 28.

जयपुर। शहर के प्रसिद्ध श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में भगवान श्री सियाराम का 29वां पाटोत्सव 17 से 28 जून तक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। बारह दिवसीय समारोह के दौरान यज्ञ आहूतियों की सुगंध, मोगरे के फूलों की टाटी, फूल बंगला झांकी और राम नाम के संकीर्तन से लक्ष्मण डूंगरी का वातावरण भक्तिमय रहेगा। इस दौरान वेदमाता गायत्री, गंगामाता और अन्नपूर्णा माता के पाटोत्सव भी धूमधाम से आयोजित किए जाएंगे।

श्री नरवर आश्रम सेवा समिति प्रन्यास के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि मंदिर के शिखर स्थित श्री सियारामजी सहित अन्य देवालयों का पाटोत्सव 17 से 28 जून तक मनाया जाएगा। 17 जून को संत-महंतों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में श्री सियारामजी का पाटोत्सव होगा। प्रातः 6 बजे 108 औषधि द्रव्यों, सरयू जल, शीतल फल रस, पंचामृत एवं दूध से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सुबह 8 बजे वेद पाठ, 9 बजे श्री वाल्मीकि रामायण का अखंड पारायण, 10 बजे षोडशोपचार पूजन, अभिषेक एवं श्रृंगार, 11 बजे राजभोग तथा 11:30 बजे विशेष उत्सव आरती होगी। दोपहर 12 बजे संत-महंत सम्मान एवं आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

युवा सत्संग रामायण सेवा समिति के सत्यनारायण ठाकुरिया के संयोजन में दोपहर 1 से 3 बजे तक सामूहिक सुंदरकांड पाठ होगा। वहीं शाम 6 बजे श्री गौरांग महाप्रभु सत्संग मंडल के राधामोहन नानूवाला के सानिध्य में भजन एवं बधाई गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।

18 से 20 जून तक विविध धार्मिक आयोजन

समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि 18 जून को श्री हरिनाम संकीर्तन एवं बधाई गायन का आयोजन होगा। सुबह 8 बजे श्री बलराम दास सत्संग मंडल जयपुर प्रस्तुति देगा, जबकि शाम 7 बजे भजन कार्यक्रम होंगे। बधाई गायन शिव शान्तानन्द आश्रम गोनेर एवं भगवत कृपा परिवार जयपुर द्वारा किया जाएगा।

19 जून को वेदमाता गायत्री का 20वां पाटोत्सव वैद्य अशोक कुमार शर्मा के संयोजन में मनाया जाएगा। सुबह 6 बजे अभिषेक, 8 बजे गायत्री मंत्र जाप, 10 बजे षोडशोपचार पूजन, अभिषेक एवं श्रृंगार, 11 बजे राजभोग तथा 11:30 बजे विशेष आरती होगी। दोपहर 12 बजे गुरुकृपा सत्संग मंडल की ओर से सामूहिक सुंदरकांड तथा शाम 7 बजे राधा ब्रजचन्द बिहारी सत्संग मंडल की प्रस्तुति होगी।

20 जून को शाम 4 से 6:30 बजे तक श्री शिव सत्संग मंडल, रामनिवास बाग द्वारा हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। रात 8 बजे श्री महेश रामायण सत्संग मंडल जयपुर द्वारा सामूहिक सुंदरकांड, भजन एवं बधाई गायन किया जाएगा।

21 से 23 जून तक छठी उत्सव और अन्नपूर्णा माता पाटोत्सव

21 जून को सुबह 9 बजे श्री त्रिवेणी धाम के पीठाधीश्वर स्वामी रामरिछपाल दास के सानिध्य में हरिनाम संकीर्तन, बधाई गायन एवं सम्मान समारोह होगा। शाम 7 बजे श्री रामानन्दीय वैष्णव सम्प्रदाय मंडल, सांगानेर की ओर से भजन और बधाई गायन प्रस्तुत किया जाएगा।

22 जून को शाम 6 बजे शुक सम्प्रदाय के पीठाधीश्वर आचार्य अलबेली माधुरीशरण के सानिध्य में श्री सियारामजी का छठी उत्सव मनाया जाएगा।

23 जून को सरयूशरण शर्मा के संयोजन में अन्नपूर्णा माता का नवम पाटोत्सव होगा। सुबह 6 बजे अभिषेक, 10 बजे पूजन एवं श्रृंगार, 11 बजे राजभोग तथा 11:30 बजे विशेष आरती होगी। दोपहर 2 बजे महिला मंडल बदनपुरा द्वारा भजन एवं बधाई गायन होगा। शाम 7 बजे डॉ. स्वाति अग्रवाल एवं समूह नृत्य, भजन तथा बधाई गायन की प्रस्तुति देंगे।

गंगामाता पाटोत्सव,कथा और भजन संध्या भी होंगी

24 जून को गंगामाता का 18वां पाटोत्सव मनाया जाएगा। सुबह 6 बजे अभिषेक, 10 बजे षोडशोपचार पूजन, 11 बजे राजभोग तथा 11:30 बजे विशेष आरती होगी। शाम 7 बजे ओम रावत मोर कुटीर वाले एवं मोहन स्वामी के संयोजन में भजन संध्या आयोजित होगी तथा रामलला को नौका विहार कराया जाएगा।

25 जून को श्री गुरु बृहस्पति जी कथा का आयोजन होगा। 26 जून को शाम 5 से 7 बजे तक युगल महाराज के पदों का गायन तथा शाम 7 बजे निम्बार्क सत्संग मंडल द्वारा भजन एवं बधाई गायन होगा। 27 जून को रात 8 बजे सामूहिक सुंदरकांड एवं भजन गायन तथा 28 जून को सुबह 9 बजे हरिनाम संकीर्तन, बधाई गायन और मासिक रामयज्ञ का आयोजन किया जाएगा।

भक्तों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

प्रचार मंत्री द्वारका दास सोढानी ने बताया कि पाटोत्सव के दौरान मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी एवं फूलों से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छाया, कारपेट, शीतल पेयजल, निशुल्क पार्किंग एवं जूता स्टैंड की व्यवस्था की गई है। वृद्ध एवं असहाय भक्तों के लिए पार्किंग स्थल से मंदिर तक ई-वाहन सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। पूरे आयोजन के दौरान जयपुर की विभिन्न भजन मंडलियां प्रतिदिन सुबह और शाम भजन, सुंदरकांड एवं बधाई गायन की प्रस्तुतियां देंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here