25 फीट ऊंची दीवार से गिरने से मजदूर की मौत

0
58

जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में मानबाग चौराहा स्थित सुंदर नर्सरी के पास सोमवार सुबह एक मजदूर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के वैशाली निवासी अरविंद कुमार ठाकुर (45) के रूप में हुई है, जो ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार रात मानबाग क्षेत्र में 25 फीट ऊंची दीवार से नीचे पत्थरों पर गिरने से उसकी मौत हुई।

पुलिस के अनुसार अरविंद रविवार को काम पर निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। आशंका है कि अंधेरे में रास्ता भटकने या संतुलन बिगड़ने से वह दीवार से नीचे गिर गया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह करीब सात बजे एक राहगीर ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों को सूचना दे दी है। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here