जयपुर। राजधानी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। सोडाला थाना क्षेत्र में सोमवार शाम परीक्षा देकर लौट रहे एक प्रतियोगी छात्र की गर्दन में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया। मांझे की धार से छात्र का गला कट गया, जबकि उसे हटाने के प्रयास में उसके बाएं हाथ का अंगूठा और दो उंगलियां भी घायल हो गईं। समय रहते राहगीरों और पुलिस की मदद मिलने से छात्र की जान बच गई।
पुलिस के अनुसार अलवर जिले के गंज खेरली निवासी अजय शर्मा जयपुर के वैशाली नगर स्थित गांधी पथ क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। सोमवार शाम करीब 6.30 बजे वह हाईकोर्ट सर्किल क्षेत्र में परीक्षा देकर मोटरसाइकिल से अपने कमरे लौट रहे थे। इसी दौरान रामनगर मेट्रो स्टेशन और सोडाला थाना क्षेत्र के बीच एलिवेटेड रोड पर हवा में लहराता चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया।
गले में मांझा फंसते ही अजय ने उसे हाथ से हटाने का प्रयास किया, लेकिन मांझे की तेज धार से उनके बाएं हाथ का अंगूठा और दो उंगलियां भी कट गईं। घबराहट और दर्द के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए खून का बहाव रोकने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार मांझे से लगा घाव सांस की नली के बेहद करीब था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। प्राथमिक उपचार और टांके लगाने के बाद छात्र को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
सोसायटी में युवती से छेड़छाड़
राजधानी की एक आवासीय सोसायटी में युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। शुक्रवार रात सोसायटी परिसर में टहल रही 22 वर्षीय युवती को पड़ोसी युवक ने सुनसान जगह पर रोककर अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता रात करीब 8:45 बजे सोसायटी के ग्राउंड फ्लोर पर टहल रही थी। इसी दौरान ब्लॉक-9 और ब्लॉक-10 के बीच स्थित रास्ते में आरोपी युवक ने उसे पीछे से पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और मौके से भाग निकला।
घायल युवती ने घटना की जानकारी सोसायटी के लोगों और परिजनों को दी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



















