पॉश कॉलोनी से चल रहा था ठगी का कारोबार: महिला सहित तीन गिरफ्तार

0
61

जयपुर। घर बैठे मोटा मुनाफा और पैसे दोगुने करने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले एक फर्जी साइबर कॉल सेंटर का पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) और विद्याधर नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी क्रिप्टो करेंसी और यूएसडीटी में निवेश के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे थे। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी को विद्याधर नगर क्षेत्र में फर्जी कॉल सेंटर संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सीएसटी और विद्याधर नगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारकर कार्रवाई की।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने विद्याधर नगर स्थित एक मकान किराए पर लेकर वहां आधुनिक उपकरणों और इंटरनेट सुविधाओं से लैस फर्जी कॉल सेंटर स्थापित कर रखा था। आरोपी लोगों को फोन कर क्रिप्टो करेंसी और डिजिटल एसेट यूएसडीटी में निवेश करने पर कम समय में दोगुना लाभ मिलने का झांसा देते थे। निवेश मिलने के बाद वे रकम हड़प कर संपर्क तोड़ देते थे।

इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीकर जिले के रींगस निवासी राजेंद्र बाजिया (25), झुंझुनू जिले के चिड़ावा निवासी संजय स्वामी (31) तथा सीकर जिले के खाटूश्यामजी क्षेत्र की निवासी रेणुका गढ़वाल (22) को गिरफ्तार किया हैं। तीनों आरोपी वर्तमान में जयपुर में किराए के मकानों में रह रहे थे। पुलिस आरोपियों के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है ताकि ठगी के नेटवर्क और पीड़ितों की संख्या का पता लगाया जा सके।

पुलिस का मानना है कि गिरोह ने विभिन्न राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाया हो सकता है। मामले में बैंक खातों और लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here