जयपुर। जयपुर जिले के नेवटा क्षेत्र स्थित पालसानियों की ढाणी के होनहार निशानेबाज आर्यन पालसानिया ने 24वीं राजस्थान राज्य शूटिंग प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए हैं। यह प्रतियोगिता 14 जून से 29 जून 2026 तक जगतपुरा शूटिंग रेंज, जयपुर में आयोजित की जा रही है।
आर्यन ने 50 मीटर राइफल प्रोन (यूथ वर्ग) तथा 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन (यूथ वर्ग) स्पर्धाओं में उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किए। उनकी यह उपलब्धि उनके निरंतर अनुशासन, समर्पण और कठोर परिश्रम का परिणाम है।पूर्व में खेलो इंडिया एथलीट रह चुके आर्यन ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अनेक पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
उनका लक्ष्य भविष्य में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।वर्तमान में आर्यन अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारियों के लिए दिल्ली में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।



















