ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़: थार समेत लाखों का सामान जब्त

0
122

जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने विशेष सर्च अभियान में ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए हिस्ट्रीशीटर,वाहन चोर और अन्य आरोपियों सहित चार जनों को गिरफ्तार किया है।

खोह नागोरियान थानाधिकारी प्रकाश राम ने बताया कि विशेष सर्च अभियान में 10 विशेष टीमों का गठन किया गया और टीमों ने क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

इस अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए पप्पन खान (30) निवासी खोह नागोरियान को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक महिंद्रा थार, एक लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन तथा 39,500 रुपए की नकदी बरामद की गई। वहीं इसी अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में वांछित आरोपी अशोक कुमार मीना उर्फ आशु (27) निवासी सपोटरा जिला करौली को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।

आरोपी के खिलाफ पूर्व में दर्ज वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई की गई। इसके अलावा क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर शकील उर्फ छोटा शकील (47) को गिरफ्तार कर पाबंद किया गया। वहीं राजस्थान शोर नियंत्रण अधिनियम (आरएनसी एक्ट) के तहत कार्रवाई करते हुए विष्णु महावर (20) को गिरफ्तार कर नया प्रकरण दर्ज किया गया।

इस अभियान के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चार स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटों का भी निस्तारण करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here