पैरामेडिकल डिप्लोमा परीक्षा नकल कांड के बाद प्रभा देवी परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द

0
64

जयपुर। राजधानी जयपुर में पैरामेडिकल डिप्लोमा परीक्षा में सामूहिक नकल कराने की साजिश उजागर होने के बाद राजस्थान पैरामेडिकल काउंसिल ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रभा देवी मेमोरियल पीजी कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र की परीक्षा तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक रद्द कर दी है। सोमवार को पुलिस की कार्रवाई और चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कॉलेज परिसर के बाहर जमकर प्रदर्शन, नारेबाजी और तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

जयपुर (पश्चिम) पुलिस ने पैरामेडिकल डिप्लोमा परीक्षा में बड़े स्तर पर नकल कराने की साजिश का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रभा देवी मेमोरियल पीजी कॉलेज के संचालक रामकृष्ण मंडीवाल, उनके सहयोगी देवकृष्ण मंडीवाल, झुंझुनूं के मुकुंदगढ़ स्थित एस. करण कॉलेज के पैरामेडिकल विभाग के एचओडी कृष्ण कुमार सैनी तथा लेक्चरर शंकरलाल जाट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी परीक्षा के दौरान संगठित तरीके से नकल कराने की साजिश में शामिल थे।

गिरफ्तारियों की सूचना मिलते ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद विद्यार्थियों में भारी रोष फैल गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कॉलेज परिसर के बाहर एकत्रित हो गए और परीक्षा रद्द करने तथा निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान आक्रोशित छात्रों ने नारेबाजी की, परिसर में कुर्सियां फेंकी और तोड़फोड़ भी की। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समझाइश के बाद हालात पर नियंत्रण पाया।

घटनाक्रम और परीक्षा की पारदर्शिता पर उठे सवालों को गंभीरता से लेते हुए राजस्थान पैरामेडिकल काउंसिल ने प्रभा देवी मेमोरियल पीजी कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र की परीक्षा तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक रद्द करने के आदेश जारी किए। काउंसिल ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा केंद्र पर दोबारा परीक्षा आयोजित करने की तिथि और व्यवस्था का निर्णय जांच और आगामी समीक्षा के बाद किया जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पैरामेडिकल परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा केंद्रों की निगरानी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और नकल गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here