जयपुर। जयपुर के आराध्य श्री गोविंद देवजी मंदिर परिसर में गुरुवार को एआईएसी के तत्वावधान में बालमुकुंद आचार्य के सानिध्य में नि:शुल्क होम्योपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार का लाभ लिया। आयोजकों ने घोषणा की कि अब यह नि:शुल्क चिकित्सा शिविर प्रत्येक एकादशी पर नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।
शिविर में डॉ. विनोद शर्मा, डॉ. मेघा शर्मा, गणेश पंडित, सूरजभान सिंह, डॉ. खुशी शर्मा, डॉ. राधा मोहन शर्मा, डॉ. शुभांगी शर्मा, मंजू शर्मा एवं डॉ. ललित मोहन शर्मा ने श्रद्धालुओं को चिकित्सकीय परामर्श और सेवाएं प्रदान कीं।
आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के समापन पर डॉ. विनोद शर्मा ने सभी चिकित्सकों, सहयोगियों, स्वयंसेवकों और लाभार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए श्री गोविंद देवजी एवं गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि नियमित चिकित्सा शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।



















