जयपुर। गांधी जयंती के अवसर पर इंटरनेशनल स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेटिक्स एंड मैनेजमेंट (आईआईआईएम), जयपुर के एनएसएस प्रकोष्ठ ‘समुत्थान’ की ओर से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के सहयोग तथा स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक के तकनीकी सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का उद्देश्य महात्मा गांधी के मानव सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व के आदर्शों को आत्मसात करते हुए विद्यार्थियों एवं संस्थान के सदस्यों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करना था। शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वैच्छिक रक्तदान किया।
रक्तदान से पहले विशेषज्ञों ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की और उन्हें रक्तदान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक की चिकित्सा टीम ने निर्धारित चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप रक्त संग्रहण किया। रक्तदान के बाद रक्तदाताओं को आवश्यक सावधानियों और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव भी दिए गए।
संस्थान प्रतिनिधियों ने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व है, जिसके जरिए जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में योगदान दिया जा सकता है। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया गया।
शिविर में विद्यार्थियों में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने युवाओं में ‘रक्तदान-महादान’ की भावना को मजबूत करने के साथ मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। संस्थान की ओर से शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए आईजीएनओयू और स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक का आभार जताया गया।



















