ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर महा अभियान में 2 लाख से अधिक वाहनों के कटे चालान

0
49

जयपुर। प्रदेश में यातायात व्यवस्था सुधारने, वीआईपी कल्चर पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत पुलिस ने 26 दिनों में 2,00,925 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि यह अभियान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश और महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल के सुपरविजन में 4 से 29 जून तक प्रदेशभर में चलाया गया।

उन्होंने बताया कि 29 जून को ही एक दिन में 8,412 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इनमें 2,867 वाहनों पर ब्लैक फिल्म, 1,747 पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,368 पर अवैध शब्द एवं चिन्ह, 1,231 में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, 748 पर अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 451 मामलों में प्रेशर हॉर्न के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जिला स्तर पर अजमेर 721 कार्रवाइयों के साथ पहले स्थान पर रहा। वहीं जयपुर कमिश्नरेट में कुल 2,032 कार्रवाई दर्ज की गई, जिनमें जयपुर पश्चिम में 1,000 और जयपुर पूर्व में 753 कार्रवाई शामिल हैं। इसके अलावा सीकर (582), जयपुर ग्रामीण (536), झुंझुनूं (523) और दौसा (296) में भी व्यापक कार्रवाई की गई।

पूरे अभियान के दौरान पुलिस ने 72,653 ब्लैक फिल्म, 50,018 अवैध नंबर प्लेट, 28,298 अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 22,564 अवैध मॉडिफिकेशन, 16,611 लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 10,781 प्रेशर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई की।

डॉ. मीणा ने कहा कि सड़क सुरक्षा और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here