सफाई कर्मचारी भर्ती पर सहमति के बाद हड़ताल समाप्त

0
72
Sanitation workers' protest intensifies in Jaipur.
Sanitation workers' protest intensifies in Jaipur.

जयपुर। राजस्थान में सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर पिछले पांच दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गई। राज्य सरकार और संयुक्त वाल्मीकि सफाई श्रमिक संघ के बीच हुई वार्ता में विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद यूनियन ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही गुरुवार से सफाई कर्मचारी काम पर लौटेंगे और राजधानी जयपुर सहित प्रदेशभर में प्रभावित सफाई व्यवस्था के पटरी पर लौटने की उम्मीद है।

हड़ताल के चलते जयपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए, जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सरकार और यूनियन के बीच हुई बैठक में सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी। निर्णय के अनुसार आगामी भर्ती में परंपरागत रूप से सफाई कार्य करने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही नगरीय निकायों में कम से कम एक वर्ष का सफाई कार्य अनुभव भर्ती का प्रमुख आधार होगा।

समझौते के तहत यदि निकायों में एक वर्ष का अनुभव रखने वाले पर्याप्त अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होते हैं, तो अन्य संस्थाओं में एक वर्ष का सफाई कार्य अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। भर्ती की पूरी प्रक्रिया लॉटरी प्रणाली के माध्यम से संपन्न होगी।

बैठक में वर्ष 2012 और 2018 की सफाई कर्मचारी भर्ती से जुड़े लंबित मामलों के समाधान के लिए गठित समिति में संयुक्त वाल्मीकि सफाई श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों को शामिल करने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा संविदा सफाई कर्मचारियों के मामलों को स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष रखने तथा तीन वर्ष की संतोषजनक सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को नियमानुसार लाभ देने का निर्णय लिया गया।

हड़ताल में शामिल कर्मचारियों को भी बड़ी राहत देते हुए सरकार ने हड़ताल अवधि को सवैतनिक अवकाश मानने का निर्णय लिया है। इस दौरान कर्मचारियों के वेतन में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी।

बैठक में यह भी तय हुआ कि 25 जुलाई तक सफाई कर्मचारी भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी, जिससे लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

सरकार और यूनियन के बीच बनी सहमति के बाद पांच दिन से जारी गतिरोध समाप्त हो गया है। हड़ताल खत्म होने के साथ ही गुरुवार से सफाई कर्मचारी अपने कार्य पर लौटेंगे और प्रदेश के शहरों में सफाई व्यवस्था जल्द सामान्य होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here