जयपुर। राजधानी में एक कारोबारी से दस लाख रुपए की रंगदारी मांगने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बदमाश ने व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए लगातार आठ दिनों तक कारोबारी को धमकाया। रंगदारी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और सरप्राइज देने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 45 वर्षीय कारोबारी ने शिकायत में बताया कि 23 जून को दोपहर उसे व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने पहले किसी सामान का हवाला दिया। जब कारोबारी ने रॉन्ग नंबर होने की बात कही तो आरोपी ने 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगते हुए परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी होने का दावा किया और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के मुताबिक कारोबारी ने रुपए की व्यवस्था करने का कहकर कॉल काट दिया। इसके बाद आरोपी लगातार व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर धमकियां देने लगा। मैसेज में लिखा कि “बाद में माफ नहीं किया जाएगा”, “कोई तेरे काम नहीं आएगा”, “जवाब नहीं देकर बड़ी गलती कर रहा है” और “अब तुझे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।”
पीड़ित ने बताया कि जवाब नहीं देने पर देर रात आरोपी ने फिर संदेश भेजा कि वह जयपुर पहुंच चुका है और जल्द ही नुकसान पहुंचाकर दिखाएगा। अगले ही दिन सुबह घर के बाहर खड़ी उसकी कार के शीशे टूटे मिले, जिसे वह धमकी का ‘डेमो’ मान रहा है।
इसके बाद भी आरोपी ने लगातार रंगदारी की रकम देने का दबाव बनाया।
मैसेज में लिखा गया कि “आज तेरी व्यवस्था करता हूं”, “अब तू खुद बोलेगा पैसे ले लो”, “आखिरी बार पूछ रहा हूं पैसे देगा या नहीं”, और “जल्द सरप्राइज देता हूं, इंतजार कर।”
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपित की पहचान शुरू कर दी है। साइबर तकनीकी सहायता से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपित की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

















