सेंट्रल जेल में लावारिस पार्सल से तीन मोबाइल और बीस बीड़ी के बंडल मिले

0
36
One prisoner injured in a clash between prisoners in Central Jail
One prisoner injured in a clash between prisoners in Central Jail

जयपुर। राजधानी की हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली जयपुर सेंट्रल जेल परिसर में लावारिस हालत में मिले एक पार्सल से तीन मोबाइल फोन,तीन बैटरियां, डाटा केबल और बीस बीड़ी के बंडल बरामद होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस मामले में जेल प्रशासन की ओर से लालकोठी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

लालकोठी थानाधिकारी श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से जेल प्रहरी सुरेशचंद्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि गत दो दिन पहले जेल के वार्ड नंबर-13 के पीछे बने शौचालय के पास एक लावारिस पार्सल मिला था। पार्सल खोलने पर उसमें तीन मोबाइल फोन, तीन बैटरियां, एक डाटा केबल और बीड़ी के 20 बंडल मिले। बरामद सामग्री को जेल प्रशासन ने जब्त कर लिया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह पार्सल बाहर से जेल परिसर में फेंका गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पार्सल किसने फेंका और इसे किस बंदी तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी। मामले की जांच एएसआई सूरजमल को सौंपी गई है। वहीं पुलिस और जेल प्रशासन मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं।

गौरतलब है कि जयपुर सेंट्रल जेल में मोबाइल मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार जेल परिसर और बंदियों के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद हो चुके हैं। हाल ही में जेल के भीतर बंदियों के बीच मारपीट की दो घटनाएं भी सामने आई थीं। इनमें एक विवाद सफाई को लेकर और दूसरा हनुमान चालीसा के पाठ को लेकर हुआ था। दोनों मामलों में भी लाल कोठी थाने में प्रकरण दर्ज किए गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here