जयपुर। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में आमेर रोड स्थित जल महल के पास गुरुवार तड़के हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक चालक द्वारा अचानक यू-टर्न लेना सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी हेमंत के अनुसार गुरुवार तड़के ट्रक और स्कूटी दोनों रामगढ़ मोड़ से आमेर की ओर जा रहे थे। जलमहल के निकट ट्रक चालक ने अचानक यू-टर्न लिया। इसी दौरान पीछे आ रही स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में स्कूटी सवार अरशद (28) गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी गई। जहां मौके पर पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवा कर उनको सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक के अचानक यू-टर्न लेने के कारण हादसा होना सामने आया है। पुलिस ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

















