जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित लिपिक ग्रेड-द्वितीय/कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार को जयपुर जिले में दो पारियों में होगी। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि जिले में परीक्षा के लिए 234 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 75 राजकीय और 159 निजी परीक्षा केंद्र शामिल हैं। परीक्षा में करीब 90 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें 18,456 अभ्यर्थी राजकीय तथा 71,544 अभ्यर्थी निजी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
पहला प्रश्न-पत्र सुबह 9:30 से 12:30 बजे तथा दूसरा प्रश्न-पत्र दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। प्रथम पारी के लिए सुबह 7:30 बजे और द्वितीय पारी के लिए दोपहर 1 बजे से प्रवेश शुरू होगा। सुबह 8:30 बजे तथा दोपहर 2 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था रहेगी। साथ ही निगरानी के लिए 38 उड़नदस्तों का गठन किया गया है, जो लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
परीक्षा संचालन के लिए उप समन्वयक, सतर्कता दल, केंद्राधीक्षक, अतिरिक्त केंद्राधीक्षक, पर्यवेक्षक, वीक्षक सहित आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। जिला कलेक्ट्रेट के प्रथम तल स्थित कक्ष संख्या-116 में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र एवं वैध फोटोयुक्त पहचान-पत्र साथ लाने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



















