परकोटा गणेश मंदिर में 101 किलो दूध से अभिषेक

0
34
Abhishek performed with 101 kg of milk at the Parkota Ganesh Temple.
Abhishek performed with 101 kg of milk at the Parkota Ganesh Temple.

जयपुर। पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर सोमवार को शहर के प्रमुख गणेश मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक के आयोजन हुए। चांदपोल स्थित परकोटा गणेश मंदिर में भगवान गणेश का 101 किलो दूध और पंचामृत से अभिषेक किया गया। वहीं ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित अतिप्राचीन दाहिनी सूंड दक्षिणमुखी श्री नहर के गणेशजी महाराज मंदिर में दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की गई।

101 किलो दूध से अभिषेक

चांदपोल स्थित परकोटा गणेश मंदिर में महंत पं. अमित शर्मा के सान्निध्य में गणेशजी महाराज का विधिवत पंचामृत अभिषेक किया गया। भगवान को दूध, दही, शहद, गंगाजल, केवड़ा, गुलाब जल और केसर जल से अभिषेक कराया गया। अभिषेक के बाद गणपति सहस्रनामावली के साथ हवन किया गया और 1008 मोदकों की आहुति दी गई। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने गणेशजी महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि और विघ्नों के निवारण की कामना की।

दूर्वा मार्जन से हुआ अभिषेक

ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित श्री नहर के गणेशजी महाराज मंदिर में भी सोम-पुष्य नक्षत्र के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। मंदिर युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि मंदिर महंत पं. जय शर्मा के सान्निध्य में प्रात: शुभ मुहूर्त में मंदिर परिवार की ओर से गणेशजी महाराज का दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक किया गया।

अभिषेक के बाद गणपतिजी महाराज को नवीन पोशाक धारण कराई गई। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना और आरती हुई। मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि और विघ्न निवारण की कामना के साथ रक्षा सूत्र वितरित किए गए। विशेष आयोजन के चलते दोनों मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और गणेशजी महाराज के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here