जयपुर। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर सिविल लाइंस स्थित सेवा भवन कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने पुष्पांजलि अर्पित कर डॉ. मुखर्जी के जीवन एवं योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
अजेय कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का ‘राष्ट्र प्रथम’ का संकल्प आज भी भाजपा की कार्यशैली और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने और श्रीराम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के प्रचंड जनादेश से साकार हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने डॉ. मुखर्जी के प्रथम उद्योग मंत्री के रूप में योगदान, राष्ट्रवादी सोच और दूरदर्शी नेतृत्व को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, पूर्व महापौर निर्मल नाहटा, जिला महामंत्री राजेश तांबी, मंडल अध्यक्ष इंदु परमार, नगर निगम चेयरमैन राजेश कुमावत, मंडल महामंत्री प्रवीण शर्मा, संजय सैनी, मेघना कुमावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद गोविंदपुरी स्थित निरंजन स्मृति पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अजेय कुमार के सान्निध्य में पौधारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।



















