यातायात नियम तोड़े तो नहीं मिलेगी राहत: पुलिस ने 78 हजार वाहन चालकों के काटे चालान

0
75

जयपुर। राज्यभर में 2 से 16 जुलाई तक चलाए जा रहे विशेष यातायात अभियान के तहत राजस्थान पुलिस ने पहले चार दिनों में 78,053 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, तेज रफ्तार, अवैध पार्किंग और लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जा रही है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि 2 से 5 जुलाई के बीच 33,690 बिना हेलमेट दुपहिया चालक, 20,145 ओवर स्पीड वाहन चालक, 12,390 अवैध पार्किंग करने वाले तथा 11,828 राष्ट्रीय राजमार्गों व एक्सप्रेस-वे पर लेन अनुशासन तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि 5 जुलाई को अकेले 19,427 चालान किए गए। इनमें 8,220 बिना हेलमेट, 5,196 तेज रफ्तार, 3,199 अवैध पार्किंग और 2,812 लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक शामिल हैं।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा डीजी (यातायात) अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, हेलमेट के प्रति जागरूकता बढ़ाना और राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करना है।
डॉ. मीणा ने बताया कि अभियान 16 जुलाई तक जारी रहेगा।

जिला एवं यातायात पुलिस को प्रवर्तन कार्रवाई के साथ आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने वाहन चालकों से आईएसआई मार्क हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सड़क पर अवैध पार्किंग से बचने तथा राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे पर लेन अनुशासन का पालन करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here