जयपुर। सनातन धर्म के महान प्रचारक और प्रेम प्रकाश मण्डल के संस्थापक आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज के चालीहा महोत्सव एवं 140वें पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष में गुलाबी नगरी भक्ति के रंग में सराबोर हो गई। इस अवसर पर रविवार शाम को एक अभूतपूर्व और भव्य संगीतमय ‘ब्रह्मदर्शनी पाठ’ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने शिरकत की।
140 भक्तों ने एक समान वेशभूषा में जगाई आध्यात्मिक अलख
इस विशाल आयोजन की सबसे मुख्य विशेषता यह रही कि महाराज श्री के 140वें जन्मोत्सव के प्रतीक स्वरूप ठीक 140 भक्तों ने एक समान वेशभूषा धारण कर भाग लिया। इन सभी भक्तों ने पूज्य संतों के पावन सान्निध्य में लगातार दो घंटे तक एक स्वर और एक लय में संगीतमय ‘ब्रह्मदर्शनी पाठ’ कर पूरे परिसर को अलौकिक ऊर्जा से भर दिया।
सत्संग को संबोधित करते हुए पूज्य स्वामी मोहन प्रकाश महाराज ने ‘ब्रह्मदर्शनी’ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आध्यात्मिकता की अलख जगाने वाले सतगुरु स्वामी टेऊँराम महाराज द्वारा रचित 800 पृष्ठों का ‘श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ’ अगाध ज्ञान का सागर है। ‘ब्रह्मदर्शनी’ इसी पवित्र ग्रंथ का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंश है, जिसमें ब्रह्म ज्ञान का असीम भंडार छिपा है। इसके अध्ययन और नित्य पाठ से मनुष्य के जीवन के पाँचों भेद और तमाम भ्रांतियां मिट जाती हैं तथा घर-परिवार में सुख-शांति का वास होता है।
इस सामूहिक पाठ में जयपुर के कोने-कोने से आए प्रसिद्ध मंदिरों के पीठाधीश्वर, आश्रमों के मठाधीश और संत-महात्मा सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में महंत श्री राम दास, महंत राम रज दास त्यागी, महंत रघुवीर शरण, महंत राजा राम , महंत अमित व्यास, महंत सियाराम दास, महंत सुदर्शन आचार्य, महंत नारायण, महंत लोकेश, महंत राजकुमार, बजरंगी बाबा, महंत नीतीश चतुर्वेदी, युवाचार्य गौरव महता, महंत अमित, सुदीप और सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।आयोजक संतों द्वारा पधारे हुए सभी महंतों और अतिथियों का ‘सतनाम साक्षी’ दुपट्टा ओढ़ाकर और प्रसाद भेंट कर भावभीना स्वागत-सत्कार किया गया। इस सामूहिक पाठ में स्वामी मनोहर लाल महाराज, संत नवीन, संत हरीश, संत गुरदास, पंडित जितेंद्र दाधीच वेदाचार्य और पंडित विजेंद्र शर्मा ने भी प्रमुख रूप से सहभागिता की।
15 जुलाई से शुरू होगा 5 दिवसीय भव्य जन्मोत्सव
सतगुरु स्वामी टेऊँराम महाराज का मुख्य 140 वां पंच दिवसीय जन्मोत्सव 15 जुलाई बुधवार से शुरू होकर 19 जुलाई रविवार तक अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पूज्य गुरुदेव सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भव्य भजन संध्या, आध्यात्मिक सत्संग और समाज सेवा से जुड़े कई अनेक सेवाभावी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।



















