अखंड सिद्ध धूणी में 11 हजार नारियलों का महाभोग: भक्तिमय माहौल में गूंजा हनुमान चालीसा

0
42

जयपुर। श्री भन्दे बालाजी धाम स्थित अखंड सिद्ध धूणी में मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ 11 हजार नारियलों का महाभोग अर्पित किया गया। श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति के तत्वावधान में संस्थापक संत अमरनाथ महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।

महाभोग से पूर्व श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने अपने-अपने नारियल अखंड सिद्ध धूणी में अर्पित किए। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘श्री भन्दे बालाजी महाराज’ के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

समिति के अनुसार, ये 11 हजार नारियल गत 11 जुलाई को भांकरोटा स्थित हेरिटेज रिसॉर्ट्स में आयोजित एक ही आसन पर 108 श्री हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के ऐतिहासिक आयोजन के दौरान समर्पित किए गए थे।

उसी अनुष्ठान में नारियलों के माध्यम से गणना की गई थी, जिन्हें मंगलवार को अखंड सिद्ध धूणी में महाभोग के रूप में अर्पित किया गया। महाभोग में घी, लड्डू, बर्फी और पंचमेवा भी अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने धूणी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here