एक साल से फरार लूट के दो आरोपी गिरफ्तार

0
45

जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वर्ष से फरार चल रहे लूट के दो आरोपियों तथा एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने दो स्थायी गिरफ्तारी वारंटों का भी निष्पादन किया है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि थानाधिकारी प्रकाश बिश्नोई के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए चोरी एवं छीना-झपटी की वारदातों का खुलासा किया।

उबर चालक से मारपीट कर लूटे थे मोबाइल और नकदी

पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2025 को उबर चालक सीताराम मीणा के साथ इंदिरा गांधी नगर सेक्टर-1 क्षेत्र में मारपीट कर उसका मोबाइल फोन और नकदी लूट ली गई थी। इस मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी नरेंद्र कुमार बैरवा (24) निवासी मनोहरपुरा तथा जयसिंह नरूका (21) निवासी मालवीय नगर को गिरफ्तार किया गया है।

इसी अभियान के दौरान 27 मई 2026 को खोह नागोरियान क्षेत्र से चोरी हुई स्कॉर्पियो (आरजे-14 यूएल-6406) के मामले का भी खुलासा करते हुए पुलिस ने शातिर वाहन चोर रवि कुमार मीणा (26) निवासी टोडा ज्ञानसिंह, जिला अलवर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर केंद्रीय कारागृह भेज दिया गया।
खोह नागोरियान थाना पुलिस ने फरार अपराधियों की धरपकड़ के अभियान के तहत लगातार कार्रवाई करते हुए दो स्थायी गिरफ्तारी वारंटों का भी सफलतापूर्वक निष्पादन किया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here