एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार

0
37
Cyber ​​fraudster arrested for swindling money by swapping ATM cards.
Cyber ​​fraudster arrested for swindling money by swapping ATM cards.

जयपुर। महेश नगर थाना पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘म्यूल हंटर’ के तहत एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपए निकालने वाले एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 24 एटीएम/डेबिट कार्ड, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ में एक दर्जन से अधिक वारदातों का खुलासा हुआ है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि महेश नगर थाना पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘म्यूल हंटर’ के तहत एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपए निकालने वाले एक शातिर साइबर ठग कैलाश उर्फ देव गुर्जर (30) निवासी बाटोदा जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जयपुर के विभिन्न बैंकों, विशेषकर एसबीआई के एटीएम बूथों के बाहर रेकी करता था और बुजुर्गों, महिलाओं तथा कम जानकारी रखने वाले लोगों को निशाना बनाता था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एटीएम बूथ में मदद के बहाने प्रवेश करता था। जब ग्राहक पिन दर्ज करता था तो वह चोरी-छिपे पिन देख लेता था। इसके बाद मशीन हैंग होने या तकनीकी खराबी का झांसा देकर पीड़ित का ध्यान भटकाता और उसके असली एटीएम कार्ड को फर्जी कार्ड से बदल देता था। बाद में दूसरे एटीएम से खाते से नकदी निकाल लेता था।

महेश नगर थानाधिकारी सुरेश कुमार के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ जयपुर शहर के गांधीनगर, सांगानेर, जवाहर सर्किल, ट्रांसपोर्ट नगर और प्रताप नगर सहित विभिन्न थानों में धोखाधड़ी और चोरी के 10 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल भीम सिंह, कांस्टेबल जितेंद्र, कांस्टेबल राजेंद्र यादव तथा साइबर सेल दक्षिण के हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here